दो दिन की झमाझम बारिश से गर्मी गायब, किसान खुश - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, August 5, 2026

दो दिन की झमाझम बारिश से गर्मी गायब, किसान खुश

शहर में जलभराव व कीचड़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त

स्कूली बच्चों व राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें

फतेहपुर, मो शमशाद । दो दिनों से लगातार हो रही झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को बड़ी राहत दी है। मौसम सुहावना होने से लोगों के चेहरे खिल उठे हैं, वहीं खेतों में पर्याप्त पानी पहुंचने से किसान भी खुश नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की हकीकत भी उजागर कर दी है। जगह-जगह जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है। बारिश के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों, मोहल्लों और गलियों में पानी भर गया। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर फैलने से कीचड़ की स्थिति बन गई, जिससे पैदल चलना भी चुनौती बन गया। कई निचले इलाकों में जलभराव के कारण

बारिश से बचने के लिए छाता लगाए स्कूली बच्चे।

लोगों को घंटों तक परेशानियों का सामना करना पड़ा। रोजमर्रा के कामकाज पर भी इसका असर साफ दिखाई दिया। बारिश का सबसे अधिक असर स्कूली छात्र-छात्राओं पर पड़ा। सुबह स्कूल जाने के दौरान बच्चों को पानी और कीचड़ से भरे रास्तों से होकर गुजरना पड़ा। कई स्थानों पर अभिभावकों को बच्चों को गोद में उठाकर सड़क पार करानी पड़ी, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को भी फिसलन के कारण काफी सावधानी बरतनी पड़ी। दूसरी ओर किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है। धान समेत खरीफ की फसलों के लिए समय पर हुई बारिश को किसान लाभदायक मान रहे हैं। खेतों में नमी बढ़ने से सिंचाई की आवश्यकता कम होगी और फसल की बढ़वार बेहतर होने की उम्मीद है। बारिश के बीच युवाओं और बच्चों ने भी मौसम का भरपूर आनंद उठाया। कई स्थानों पर लोग बारिश में भीगते और ठंडी हवाओं का लुत्फ लेते दिखाई दिए। हालांकि, हर साल की तरह इस बार भी बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की से मध्यम बारिश में ही सड़कों पर जलभराव हो जाता है, जिससे आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। लोगों ने नगर पालिका से जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त कर स्थायी समाधान की मांग की है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages