काला कोट पहन न्याय की राह पर बढ़े नए कदम - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, August 5, 2026

काला कोट पहन न्याय की राह पर बढ़े नए कदम

डिस्ट्रिक्ट बार हाल में नवोदित अधिवक्ताओं की हुई बैंड सेरेमनी

फतेहपुर, मो शमशाद । डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के सभागार में बुधवार को नवोदित अधिवक्ताओं के लिए आयोजित बैंड सेरेमनी के साथ उनके विधिक जीवन का औपचारिक शुभारंभ हुआ। समारोह के दौरान जिला शासकीय वरिष्ठ अधिवक्ता शुभम श्रीवास्तव ने युवा अधिवक्ताओं इरफान खान उर्फ गुड्डू खान, मयंक तिवारी, फिरोज खान व विकास कुमार सहित अन्य नवोदित अधिवक्ताओं को अधिवक्ता बैंड पहनाकर उन्हें विधिक पेशे में प्रवेश की शुभकामनाएं दीं।

बैंड सेरेमनी में भाग लेते नवोदित अधिवक्ता व सीनियर अधिवक्ता।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बाबू सिंह यादव ने कहा कि अधिवक्ता केवल मुकदमों की पैरवी करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण स्तंभ होता है। उन्होंने नवोदित अधिवक्ताओं से कानून और संविधान के प्रति पूर्ण निष्ठा रखते हुए ईमानदारी, निष्पक्षता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पीड़ित और जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने में अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, इसलिए प्रत्येक अधिवक्ता को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए। समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने भी नव अधिवक्ताओं को विधिक जीवन की बारीकियों से अवगत कराते हुए उन्हें सदैव सत्य, न्याय और नैतिक मूल्यों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता का सम्मान उसके ज्ञान, व्यवहार और ईमानदारी से तय होता है। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता राकेश वर्मा, सत्येंद्र श्रीवास्तव, मणिकांत दुबे, विनीत श्रीवास्तव, सुशील मिश्रा, मज़हर हुसैन, महेंद्र परिहार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण मौजूद रहे। सभी ने नवोदित अधिवक्ताओं को बधाई देते हुए उनके सफल, सम्मानजनक एवं उज्ज्वल विधिक जीवन की कामना की।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages