चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक पीयूष कांत राय ने बुधवार को दो महत्वपूर्ण समीक्षा बैठकें कीं। पहली बैठक में जनसुनवाई एवं आईजीआरएस का कार्य देख रहे सभी थानों के पुलिसकर्मियों के साथ शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की समीक्षा की गई, जबकि दूसरी बैठक में महिला थाना, साइबर थाना और क्राइम ब्रांच के विवेचकों का अर्दली रूम लेकर लंबित विवेचनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
एएसपी ने कहा कि आईजीआरएस शासन की प्राथमिक योजनाओं में शामिल है और इसकी नियमित समीक्षा मुख्यमंत्री स्तर तक होती है। ऐसे में प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष और संतोषजनक निस्तारण किया जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने और पोर्टल पर समय से आख्या अपलोड करने के निर्देश दिए।
वहीं विवेचकों की बैठक में महिला एवं बाल अपराध, पॉक्सो, साइबर अपराध, हत्या, लूट, चोरी और धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। एएसपी ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग, वांछित आरापियों की शीघ्र गिरफ्तारी, न्यायालयीय प्रक्रियाओं का समयबद्ध पालन तथा पीड़ितों से नियमित संवाद बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निष्पक्ष विवेचना और त्वरित शिकायत निस्तारण ही पुलिस की कार्यशैली का आधार होना चाहिए। इस मौके पर सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment