जिला अधिवक्ता संघ ने सौंपा ज्ञापन
बांदा, के एस दुबे । चित्रकूटधाम मंडल से राजस्थान के प्रसिद्ध तीर्थस्थल खाटू श्याम धाम तक सीधी रेल सेवा शुरू कराने की मांग तेज हो गई है। जिला अधिवक्ता संघ, बांदा ने भारत सरकार के नाम आयुक्त, चित्रकूटधाम मंडल के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर चित्रकूटधाम (कर्वी) से मथुरा, बालाजी होते हुए खाटू श्याम (सीकर) तक विशेष साप्ताहिक आध्यात्मिक ट्रेन संचालित किए जाने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि चित्रकूटधाम देश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों में शामिल है। पवित्र मंदाकिनी नदी, भगवान कामतानाथ मंदिर, प्राकृतिक जलप्रपात तथा घने वन क्षेत्र के कारण यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। वहीं चित्रकूटधाम
मंडल के हजारों श्रद्धालु प्रतिवर्ष मथुरा, बालाजी और खाटू श्याम धाम की यात्रा करते हैं, लेकिन सीधी रेल सुविधा उपलब्ध न होने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अधिवक्ता संघ ने मांग की कि श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चित्रकूटधाम से खाटू श्याम धाम तक विशेष साप्ताहिक आध्यात्मिक ट्रेन संचालित की जाए। साथ ही प्रस्तावित ट्रेन का नाम 'महर्षि वामदेव आध्यात्मिक एक्सप्रेस' रखने का भी सुझाव दिया गया।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि महर्षि वामदेव का वर्णन रामायण सहित अन्य पवित्र ग्रंथों में मिलता है और उनका नाम चित्रकूट क्षेत्र की आध्यात्मिक परंपरा से जुड़ा हुआ है। इसलिए उनके नाम पर ट्रेन का नामकरण क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का सम्मान होगा। जिला अधिवक्ता संघ ने केंद्र सरकार से इस लंबे समय से लंबित मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई है। उनका कहना है कि इस रेल सेवा के शुरू होने से श्रद्धालुओं को सीधी यात्रा सुविधा मिलेगी, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा चित्रकूटधाम मंडल के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति प्राप्त होगी।


No comments:
Post a Comment