एक ही रात में अपराध पर पुलिस का डबल अटैक - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, August 5, 2026

एक ही रात में अपराध पर पुलिस का डबल अटैक

इनामी जहरखुरानी व नकबजनी गैंग धरा, दो मुठभेड़ों में सात बदमाश गिरफ्तार

फतेहपुर, मो शमशाद । जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार की देर रात पुलिस ने एक ही रात में दो बड़ी मुठभेड़ों को अंजाम देकर संगठित अपराध पर करारा प्रहार किया। पहली कार्रवाई में कल्यानपुर और औंग थाना पुलिस ने 25 हजार के इनामी जहरखुरानी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर उसके गिरोह का पर्दाफाश किया, जबकि दूसरी कार्रवाई में चांदपुर व जहानाबाद थाना पुलिस ने अंतरजनपदीय नकबजनी गैंग के दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ में घायल कर दबोच लिया। दोनों अभियानों में कुल सात अपराधी गिरफ्तार हुए हैं। पुलिस ने चोरी का भारी मात्रा में सामान, बाइक, मंदिर की दानपेटिका, घंटे और बिजली के केबल भी बरामद किए हैं।

मुठभेड़ में घायल बदमाश को लेकर जाती पुलिस।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बुधवार को बताया कि पहली मुठभेड़ थाना कल्यानपुर और थाना औंग पुलिस की संयुक्त टीम ने की। इस दौरान 25 हजार का इनामी अपराधी फिरोज पुत्र मोहम्मद अनीस निवासी थाना करारी जनपद कौशांबी, पुलिस की घेराबंदी में फंस गया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। फिरोज पर करीब डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह थाना कल्यानपुर व थाना औंग में दर्ज तीन मामलों में वांछित चल रहा था। उसका एक साथी पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पूछताछ में सामने आया कि फिरोज का गिरोह कानपुर में ट्रेन या बस से उतरने वाले यात्रियों को बांदा, हमीरपुर और आसपास के जनपदों तक छोड़ने का झांसा देता था। रास्ते में उन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर या पिलाकर बेहोश कर दिया जाता था। इसके बाद उनके मोबाइल, नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लिए जाते थे। गिरोह की कार्यप्रणाली बेहद शातिर थी। आरोपी पहले यात्रियों का मोबाइल पासकोड और यूपीआई पिन किसी बहाने से देख लेते थे। बाद में चोरी किए गए मोबाइल से विभिन्न जनसेवा केंद्रों के माध्यम से उनके बैंक खातों से ऑनलाइन रुपये अपने खातों में ट्रांसफर कर लेते थे। इसी रात दूसरी बड़ी कार्रवाई थाना चांदपुर व थाना जहानाबाद पुलिस ने की। मुठभेड़ के दौरान शशांक उर्फ रतन निवासी शामखेड़ा थाना कल्यानपुर तथा छोटेलाल उर्फ छोटू कोरी निवासी जरारा थाना बकेवर के पैर में गोली लगी और दोनों गिरफ्तार कर लिए गए। पुलिस ने इनके तीन अन्य साथियों को भी दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर बिजली के पोलों से चोरी किए गए केबल, ट्यूबवेल से चोरी किए गए मोटर और स्टार्टर, चोरी की मोटरसाइकिलें तथा कुछ दिन पहले थाना जहानाबाद क्षेत्र के मंदिर से चोरी की गई दानपेटिका और घंटे बरामद किए गए। पुलिस अन्य फरार साथियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। एसपी ने कहा कि दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोर विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में सक्रिय अपराधियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages