सांप ने पिता-पुत्र को डसा, बालक की मौत - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, September 17, 2026

सांप ने पिता-पुत्र को डसा, बालक की मौत

खागा, फतेहपुर, मो शमशाद । खखरेरू थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में बुधवार की देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ही बिस्तर पर सो रहे पिता-पुत्र को छत से गिरे जहरीले सांप ने डस लिया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजन आनन-फानन दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। गंभीर हालत में दस वर्षीय बालक को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां दो दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उसकी मौत हो गई। बालक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। 

मृतक बालक की फाइल फोटो।

जानकारी के अनुसार रामनगर निवासी सुनील तिवारी बुधवार की रात अपने दस वर्षीय पुत्र अंशू तिवारी के साथ कमरे में एक ही बेड पर सो रहे थे। बताया जा रहा है कि रात करीब दो बजे अचानक छत से एक जहरीला सांप नीचे गिरा और उसने पिता-पुत्र को डस लिया। सांप के काटने के बाद दोनों की चीख-पुकार सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे। आनन-फानन उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां अंशू की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में अंशू का दो दिन तक उपचार चला, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। अंशू नेशनल पब्लिक स्कूल खखरेरू में कक्षा चार का छात्र था। मासूम की मौत से मां-बाप समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages