किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू ने दिया धरना - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, September 12, 2026

किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू ने दिया धरना

एसडीएम के समझाने पर भी नहीं माने किसान, रेलवे ट्रैक पर बैठने की दी चेतावनी

फतेहपुर, मो शमशाद । किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिलाध्यक्ष नवल किशोर की अध्यक्षता में नहर कॉलोनी में धरना-प्रदर्शन किया। संगठन ने मौके पर बड़े अधिकारियों को बुलाकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। सदर एसडीएम पिनाक पाणि द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन संगठन के लोग धरना समाप्त करने को तैयार नहीं हुए। किसानों ने आरोप लगाया कि समय-समय पर अधिकारियों को किसानों की समस्याओं से अवगत कराया जाता रहा है, लेकिन समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो रहा है। 

 नहर कालोनी में धरना देते भाकियू पदाधिकारी।

जिलाध्यक्ष नवल सिंह पटेल की ओर से जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन में थानों में किसानों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने, जिले में बढ़ते अपराध पर रोक लगाने व किसानों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। बंद पड़ी सहकारी समितियों को तत्काल चालू कराने और किसानों को समय से उर्वरक उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई। ज्ञापन में मंडियों में आढ़तियों द्वारा आलू पर लिए जा रहे अतिरिक्त शुल्क पर रोक लगाने, जल जीवन मिशन के तहत अधूरी पड़ी पानी की टंकियों का निर्माण पूरा कराने, खराब रास्तों की मरम्मत, गांवों में सफाई व दवा का छिड़काव कराने तथा नालियों की सफाई कराने की मांग की गई। इसके अलावा खखरेरू थाने में तैनात उपनिरीक्षक कृपाशंकर यादव पर किसानों पर दबाव बनाकर अवैध वसूली करने व एकपक्षीय कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की गई। किसानों ने हदबंदी व बंटवारे के मुकदमों में आख्या देने की समय-सीमा निर्धारित करने, अंश निर्धारण व नाम शुद्धिकरण की प्रक्रिया सरल बनाने, अघोषित बिजली कटौती से निजात दिलाने तथा दूरसंचार कंपनियों के नेटवर्क की जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग भी रखी। धरना समाप्त कराने के लिए पुलिस अधीक्षक की ओर से सीओ सिटी गौरव शर्मा को मौके पर भेजा गया। किसानों ने समस्याओं का समाधान न होने पर रेलवे ट्रैक पर बैठकर आंदोलन करने की चेतावनी दी। काफी देर तक चले मान-मनौव्वल के बाद उप जिलाधिकारी पिनाक पाणि द्विवेदी ने किसानों को उनकी सभी समस्याओं का जल्द निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान धरना समाप्त करने को राजी हुए। इस मौके पर राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेन्द्र सिंह, शशांक उत्तम, रामहंस पटेल, रमन सिंह, देव नारायण पटेल, विवेक सिंह यादव, रेहाना परवीन, ममता गुप्ता, जितेंद्र पटेल, मुन्ना शेख, नागेंद्र यादव, सुरेंद्र पटेल, दिनेश भानु प्रताप सिंह आदि रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages