पुलिस बनकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, September 28, 2026

पुलिस बनकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

मुकदमा व उम्रकैद का डर दिखाकर लोगों से करते थे वसूली

31 शिकायतों में पांच लाख से अधिक की ठगी का खुलासा

फतेहपुर, मो शमशाद । पुलिस अधिकारी व जांच एजेंसी का कर्मचारी बनकर लोगों को मुकदमे में फंसाने, गिरफ्तारी और उम्रकैद की धमकी देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का जनपदीय साइबर सेल व थाना जहानाबाद पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दस मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और सिम कार्ड बरामद किए हैं। एनसीआरपी पर दर्ज 31 शिकायतों में पांच लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी सामने आई है। पुलिस के अनुसार समन्वय पोर्टल पर प्राप्त साइबर फ्रॉड की शिकायतों की जांच के दौरान 27 सितंबर को संदिग्ध मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन

पुलिस टीम की गिरफ्त में ठगी गिरोह के सदस्य।

किया गया। इलेक्ट्रॉनिक व अभिलेखीय साक्ष्यों के आधार पर थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम नारायणपुर में सक्रिय गिरोह तक पुलिस पहुंची। आरोपियों पर आरोप है कि वे आम लोगों को फोन कर खुद को पुलिस अधिकारी या पुलिस कर्मचारी बताते थे और मुकदमा दर्ज होने, गिरफ्तारी तथा आजीवन कारावास की धमकी देकर भयभीत करते हुए रुपये ऐंठते थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अंकित सिंह पुत्र रामशंकर (27), संतोष पुत्र सूरजभान (21) और सनी उर्फ दीपक पुत्र स्व. करन सिंह (24) निवासीगण ग्राम नारायणपुर मजरे कलाना थाना जहानाबाद को गिरफ्तार किया। तलाशी में तीन की-पैड मोबाइल, पांच एंड्रॉयड मोबाइल, दो आईफोन और एक लैपटॉप बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को धमकाने और वित्तीय धोखाधड़ी करने की बात बताई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जिला कारागार भेज दिया गया।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages