महिला से मारपीट का आरोप, रिपोर्ट दर्ज न होने पर एसपी से शिकायत - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, September 25, 2026

महिला से मारपीट का आरोप, रिपोर्ट दर्ज न होने पर एसपी से शिकायत

बांदा, के एस दुबे । जसपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम झांझरी निवासी श्रीमती शांति उर्फ मुनिया पत्नी सीताराम ने गांव के कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने 25 सितंबर को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, 20 सितंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे गांव के ही चुन्नू, बलराम व छोटन सहित अन्य लोग उसके घर में घुस आए। आरोप है कि आरोपितों ने महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा बाल पकड़कर खींचा और लात-घूंसों से पीटा। महिला के अनुसार आरोपितों ने उसके गले से नाती अंकित को उठाकर पटक दिया और मारपीट कर दी।




पीड़िता का कहना है कि शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। सूचना पर 112 पुलिस पहुंची और 108 एंबुलेंस से महिला को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुरा ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल बांदा रेफर किया गया, जहां चोटों का उपचार कराया गया और वह दो दिन भर्ती रही। पीड़िता ने बताया कि 23 सितंबर को थाना जसपुरा में लिखित शिकायत देने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। आरोप है कि संबंधित लोग अब भी गाली-गलौज कर रहे हैं और दोबारा घटना की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता ने एसपी से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages