कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण के बाद महापुरुषों की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
फतेहपुर, मो शमशाद । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को जिले भर में श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। जिलाधिकारी ने अधिकारियों व कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं महात्मा बुद्ध की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कलेक्ट्रेट सभागार में गांधी एवं शास्त्री जयंती के उपलक्ष्य में विचार गोष्ठी आयोजित हुई, जिसमें डीएम समेत अधिकारियों और कर्मचारियों ने
![]() |
| कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलातीं जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स। |
दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। डीएम ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का राष्ट्र निर्माण में योगदान अतुलनीय है। उनके आदर्शों और सिद्धांतों को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि जयंती मनाने का उद्देश्य केवल महापुरुषों को याद करना नहीं, बल्कि उनके विचारों और कार्यों को अपने जीवन में उतारना भी है। प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से नकारात्मक सोच में सुधार करते हुए सकारात्मक कार्यों और सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान किया। डीएम ने कहा कि सरकारी कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा से करें तथा अपने पटल से संबंधित पत्रावलियों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें। नियमों के अनुरूप समयबद्ध निर्णय लेकर आमजन को योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाना ही महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। विचार गोष्ठी में अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, वरिष्ठ कोषाधिकारी, कलेक्ट्रेट कर्मचारियों एवं संभ्रांत नागरिकों ने भी महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष एवं आदर्शों पर विचार व्यक्त किए।


No comments:
Post a Comment