सुनसान रास्तों पर लोगों को शिकार बनाने वाले तीन शातिर गिरफ्तार - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, October 8, 2026

सुनसान रास्तों पर लोगों को शिकार बनाने वाले तीन शातिर गिरफ्तार

महिलाओं व राहगीरों को बनाते थे निशाना, मोबाइल छीनकर बाइक से हो जाते थे फरार

फतेहपुर, मो शमशाद । हाईवे व सुनसान रास्तों पर रेकी कर महिलाओं व राहगीरों से छिनैती और झपटमारी करने वाले गिरोह का कल्यानपुर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने वारदात में शामिल तीन शातिर आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से महिला से छीना गया मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व दो अन्य एंड्रॉयड फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपितों ने हाईवे, दूसरे मार्गों और सुनसान स्थानों पर घूमकर शिकार तलाशने और मौका मिलते ही मोबाइल व अन्य सामान छीनकर फरार होने की बात कबूल की।

 पुलिस टीम की गिरफ्त में तीन शातिर।

पुलिस के मुताबिक छह अक्टूबर की रात करीब 11 बजे एक महिला शौच के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने उसे रास्ते में रोक लिया और हाथ से मोबाइल फोन छीनकर कानपुर की ओर भाग निकले। महिला की सूचना पर सात अक्टूबर को कल्यानपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 220/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। अभियान के तहत कल्यानपुर पुलिस ने विवेचना, सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस ने वारदात में प्रकाश में आए तीन आरोपितों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राज सिंह पुत्र शिवबहादुर सिंह निवासी पुरानी बिंदकी, हाल पता ग्राम पहुर थाना कल्यानपुर, विवेक सिंह पुत्र मनीष सिंह निवासी ग्राम पहुर, आदित्य प्रताप सिंह पुत्र जितेंद्र सिंह निवासी ग्राम पहुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे मोटरसाइकिल से हाईवे, दूसरे मार्गों और सुनसान स्थानों पर घूमकर रेकी करते थे। राह चलते लोगों और खासकर महिलाओं को निशाना बनाने के लिए चिन्हित करते थे। मौका मिलते ही मोबाइल फोन और अन्य सामान छीनकर बाइक से फरार हो जाते थे। वारदात से मिले सामान और रकम को आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से महिला से छीना गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व जामातलाशी में दो अन्य एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस ने तीनों आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश किया। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष तरुण श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक विवेक कुमार, हेड कांस्टेबल विपिन यादव, आरक्षी प्रेम सागर और कांस्टेबल विकास कुमार कनौजिया शामिल रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages