बबेरू/बाँदा, के एस दुबे । बबेरू कस्बे में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती विभिन्न स्थानों पर श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्र एवं प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। वहीं स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई का संदेश भी दिया गया। बबेरू कस्बे के सुंदर कुआं स्थित गांधी पार्क में बबेरू विधानसभा क्षेत्र के विधायक विशंभर सिंह यादव अपने कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ पहुंचे। उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को याद किया। वहीं कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी आदित्य स्वरूप पांडेय, राजन साहिल सहित अन्य
कार्यकर्ताओं ने भी महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया। इस दौरान दोनों महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया। इसी क्रम में जेपी शर्मा इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य डॉ. श्याम मनोहर राव सहित शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। विद्यालय में उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए सत्य, अहिंसा, सादगी और देशसेवा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू में अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश सिंह एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारियों ने गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर स्वच्छता संकल्प के तहत पूरे अस्पताल परिसर में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। अस्पताल के विभिन्न स्थानों की सफाई कराते हुए स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी के स्वच्छता, सत्य और अहिंसा के विचारों को याद करते हुए लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई रखने तथा स्वच्छ समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की गई। महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर बबेरू में श्रद्धांजलि के साथ स्वच्छता का संदेश भी गूंजा।


No comments:
Post a Comment