चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिसके तहत बुधवार को कलेक्टरेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल की अध्यक्षता में प्रभारी व नोडल अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें आवंटित कार्यों और अब तक की तैयारियों की समीक्षा कर निर्धारित समय सीमा में सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीडीओ ने बताया कि निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी हो चुकी है। नामांकन की अंतिम तिथि छह अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि नौ अक्टूबर है। बताया कि मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ से शाम चार बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को कराई जाएगी। उन्होंने
बताया कि जिले में 10 मतदेय स्थल और तीन सहायक मतदेय स्थल हैं। इस तरह कुल 13 मतदेय स्थल छह मतदान केंद्रों में बनाए गए हैं। अंतिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली के अनुसार जिले में 11,391 स्नातक मतदाता हैं। निर्वाचन के लिए जिले में पांच जोनल मजिस्ट्रेट, छह सेक्टर मजिस्ट्रेट और तीन आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सीडीओ ने सभी मतदेय स्थलों पर रैंप, पेयजल, बिजली, फर्नीचर, शौचालय, शेड और क्रैच जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। टेंट, विद्युत, लाउडस्पीकर और फोटोग्राफी की व्यवस्था भी समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी में किसी तरह की शिथिलता न बरतने की हिदायत दी। इस मौके पर सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment