खाद्य विभाग ने अवैध गुटखा फैक्ट्री को किया सीज - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, October 1, 2026

खाद्य विभाग ने अवैध गुटखा फैक्ट्री को किया सीज

विमल की पैकिंग में तैयार हो रही थी सुपारी, सत्तर किलो माल बरामद

फतेहपुर, मो शमशाद । जिले में खाद्य सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर चल रही अवैध सुपारी पैकिंग फैक्ट्री का खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान मौके पर विमल नाम की पैकिंग में सुपारी तैयार किए जाने का मामला सामने आया। टीम ने कार्रवाई करते हुए पूरी फैक्ट्री को सीज कर दिया। मौके से करीब सत्तर किलो कट्टी सुपारी व पाउच पैकिंग मशीन भी सीज की गई है। बरामद सुपारी का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

गुटखा फैक्ट्री की जांच-पड़ताल करती टीम।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को अवैध रूप से सुपारी की पैकिंग किए जाने की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने संबंधित स्थान पर पहुंचकर जांच की तो वहां सुपारी की पैकिंग का काम चलता मिला। जांच के दौरान फैक्ट्री के संचालन से संबंधित लाइसेंस में खामियां मिलने के साथ ही तैयार किए जा रहे उत्पाद की पैकिंग पर निर्धारित लेबलिंग नियमों का पालन भी नहीं पाया गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर मौजूद करीब सत्तर किलो कटी सुपारी को सीज कर दिया। इसके साथ ही सुपारी को पाउच में पैक करने के लिए इस्तेमाल की जा रही मशीन को भी सीज किया गया। अधिकारियों के मुताबिक मौके पर मिली अनियमितताओं के आधार पर पूरी फैक्ट्री को सीज करने की कार्रवाई की गई है। टीम ने बरामद सुपारी का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद उत्पाद की गुणवत्ता और उसमें खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की स्थिति स्पष्ट होगी। विभाग की ओर से संबंधित के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। सहायक आयुक्त खाद्य वीएस कुशवाहा ने बताया कि जांच के दौरान फैक्ट्री के संचालन और पैकिंग में कई कमियां मिली हैं। मौके से करीब सत्तर किलो सुपारी तथा पाउच पैकिंग मशीन सीज की गई है। विभाग अब यह भी पता लगाने में जुटा है कि फैक्ट्री में तैयार किया जा रहा माल जिले में किन-किन स्थानों पर सप्लाई किया जा रहा था। यदि बाजार में इसकी बिक्री या आपूर्ति की पुष्टि होती है तो संबंधित माल को जब्त करने के साथ उसकी बिक्री पर रोक लगाने की कार्रवाई की जाएगी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages