प्रसव के बाद महिला की मौत, हाईवे पर हंगामा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, October 3, 2026

प्रसव के बाद महिला की मौत, हाईवे पर हंगामा

कानपुर ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम, डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप

फतेहपुर, मो शमशाद । मेडिकल कॉलेज में प्रसव के बाद महिला की हालत बिगड़ने व कानपुर ले जाते समय रास्ते में मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परिजनों ने मेडिकल कॉलेज के सामने सड़क पर हंगामा कर डॉक्टरों व स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। हंगामे की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की और पूरे मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने डीएम कार्यालय पहुंचकर भी नारेबाजी की। 

मेडिकल कालेज के सामने हाईवे पर जाम लगाकर हंगामा करते परिजन।

हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बेरागढ़ीवा गांव निवासी प्रतीक्षा शुक्ला पत्नी अमित शुक्ला (22 वर्ष) को प्रसव के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। प्रसव के बाद अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने महिला को कानपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर कानपुर जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे और सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि इलाज में लापरवाही के चलते महिला की हालत बिगड़ी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने आक्रोशित परिजनों से बातचीत कर उनकी शिकायत सुनी। उन्होंने मामले की जांच कराकर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस के आश्वासन के बाद स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। परिजन शव लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होने लापरवाह चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। महिला की मौत के वास्तविक कारण और चिकित्सकीय लापरवाही के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages