एमएलसी चुनाव: डीएम-एसपी ने जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिए निर्देश - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, October 22, 2026

एमएलसी चुनाव: डीएम-एसपी ने जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिए निर्देश

प्रातः आठ से शाम चार बजे तक होगा मतदान

निष्पक्षता व पारदर्शिता पर रहेगा विशेष जोर

फतेहपुर, मो शमशाद । उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स तथा पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने संयुक्त रूप से जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस जोनल अधिकारियों और पुलिस सेंटर इंचार्ज की ब्रीफिंग की। मतदान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

महात्मा गांधी सभगाार में बैठक लेतीं डीएम व एसपी।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा सेंटर इंचार्ज अपने-अपने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करा लें। मतदान कक्ष में तैनात कार्मिकों के अलावा किसी अन्य को मोबाइल फोन लेकर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। मतदान केंद्रों के बाहर सभी उम्मीदवारों की सूची चस्पा करने के साथ वैध पहचान पत्रों और आवश्यक प्रपत्रों से संबंधित सूची भी प्रदर्शित कराई जाए। उन्होंने दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा को लेकर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा उनके साथ आने वाले सहायक की अनावश्यक पुनरावृत्ति रोकने पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही आयोग के निर्देशानुसार वीडियोग्राफी कराते हुए मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। शाम चार बजे मतदान केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। हालांकि केंद्र के अंदर कतार में मौजूद मतदाताओं को मतदान का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए कतार में सबसे पीछे खड़े मतदाता को क्रम पर्ची उपलब्ध कराते हुए मतदान की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ कार्य करते हुए मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages