फर्जी एससी-एसटी केस में फंसाने की धमकी से आहत युवक की ट्रेन से कटकर मौत - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, October 19, 2026

फर्जी एससी-एसटी केस में फंसाने की धमकी से आहत युवक की ट्रेन से कटकर मौत

वायरल वीडियो और सुसाइड नोट से सनसनी

बांदा, के एस दुबे । जिले के फतेहगंज थाना क्षेत्र के करमाडांडी गांव से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। फर्जी एससी-एसटी  मुकदमे में फंसाने की धमकी और जेल जाने के डर से एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। मौत से पहले युवक द्वारा बनाए गए एक वीडियो और सुसाइड नोट के वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। फतेहगंज थाना क्षेत्र के करमाडांडी गांव निवासी आशीष पुत्र रमेश की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बदौसा पुलिस को तलाशी के दौरान मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसकी लिखावट और तथ्यों की जांच की जा रही है। मृतक की बहन मधु सेन ने गाँव की ही एक महिला पर उसके भाई को झूठे एससी-


एसटी मुकदमे में फंसाने की साजिश रचने और उसके एवज में 3 लाख रुपये की अवैध मांग करने का गंभीर आरोप लगाया है। बहन का यह भी कहना है कि जब वे लोग अपनी गुहार लेकर स्थानीय पुलिस के पास गए थे, तब उन्हें उचित सहयोग और न्याय नहीं मिला, जिससे परेशान होकर उनके भाई ने यह खौफनाक कदम उठाया। परिजनों के मुताबिक, आत्महत्या करने से पहले आशीष ने अपनी परेशानी और डर बयां करते हुए एक वीडियो भी रिकॉर्ड कर वायरल किया था, जिसमें उसने पूरे घटनाक्रम और प्रताड़ना का जिक्र किया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन एक्टिव हो गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक के पास से मिले सुसाइड नोट, वायरल वीडियो तथा परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages