डीएम के ज्ञापन लेने तक धरना जारी रखने पर अड़ी अभाविप - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, October 1, 2026

डीएम के ज्ञापन लेने तक धरना जारी रखने पर अड़ी अभाविप

महिला छात्रावास संचालन समेत नौ सूत्रीय मांगों को लेकर चार दिन से आंदोलन, 

मशाल जुलूस और बुद्धि-शुद्धि यज्ञ के बाद प्राचार्य कक्ष में तालाबंदी का दावा

बांदा, के एस दुबे । पं. जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय में महिला छात्रावास का संचालन कराने और छात्रों की मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त कराने समेत नौ सूत्रीय मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) का धरना गुरुवार को लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। संगठन ने स्पष्ट किया कि जब तक जिलाधिकारी स्वयं धरनास्थल पर पहुंचकर ज्ञापन नहीं लेते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। अभाविप के जिला संयोजक छात्र नेता कार्तिकेय गुप्ता ने कहा कि संगठन की ओर से संबंधित मांगों को लेकर जिलाधिकारी को 10 से अधिक ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई न होने के कारण छात्रों को धरने के लिए मजबूर होना पड़ा। उनका आरोप है कि 17 वर्ष से अधिक समय से निर्मित महिला छात्रावास का अब तक समुचित संचालन नहीं हो सका है और महाविद्यालय में छात्रों से जुड़ी कई मूलभूत समस्याएं बनी हुई हैं।


संगठन के मुताबिक, आंदोलन के दूसरे दिन कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकाला, जबकि तीसरे दिन जिलाधिकारी और महाविद्यालय प्राचार्य की ‘बुद्धि-शुद्धि’ के लिए यज्ञ कर विरोध जताया गया। अभाविप का दावा है कि अपर जिलाधिकारी, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी और पुलिस अधिकारियों के पहुंचने के बावजूद कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अडिग रहे। गुरुवार को आंदोलन के चौथे दिन अभाविप कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य कक्ष और कंप्यूटर कक्ष में तालाबंदी करने का दावा किया। इसके बाद शिक्षकों के बीच ‘एक पोहा-एक चाय’ अभियान चलाकर विरोध दर्ज कराया गया। संगठन ने इसे अपने आंदोलन का सांकेतिक हिस्सा बताया।

कार्तिकेय गुप्ता ने कहा कि यदि जिलाधिकारी स्वयं धरनास्थल पर पहुंचकर छात्रों का ज्ञापन स्वीकार नहीं करते हैं तो संगठन आंदोलन को और व्यापक करेगा। उन्होंने कहा कि अभाविप बांदा में बड़ा छात्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। धरने में स्नेहा नामदेव, प्रतिभा अग्निहोत्री, सुरभी, अंशिका, कृति, रीता, हिमांशी, रीतिका, रूपाली, सुभाष त्रिपाठी, युवराज सिंह, अभय साहू, समीर सिंह, ओम सिंह, हर्ष सिंह, आयुष, दिलीप यादव, शैलेंद्र दीक्षित, प्रवीण त्रिवेदी, सतेंद्र सिंह, अभय सोनी, हिमांश श्रीवास, अंजने, अम्ब्रिका, शिवम, अनुज, हर्षित, प्रवीण, हेमंत विश्वकर्मा और उत्सव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व छात्र मौजूद रहे।






No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages