बांदा, के एस दुबे । लोक निर्माण विभाग (PWD) की सार्वजनिक सड़क पर जबरिया कब्जा कर पक्का मकान निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर अवैध निर्माण तत्काल रुकवाने की मांग की है। शिकायती पत्र के अनुसार मौजा मरका बांगर स्थित गाटा संख्या 4417 राजस्व अभिलेखों में सड़क के रूप में दर्ज है और यह PWD का सार्वजनिक रास्ता है। आरोप है कि गांव के श्यामलाल पुत्र राजाराम तथा राजाराम पुत्र जगन्नाथ द्वारा दबंगई के बल पर उक्त जमीन पर कब्जा कर पक्का मकान निर्माण शुरू कर दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि कई लोगों के मना करने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया और विरोध करने पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक सूचना मिलने पर हल्का लेखपाल और मुकामी पुलिस मौके पर पहुंची तथा पक्का निर्माण हटाने के निर्देश दिए थे।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ दिन बाद संबंधित लोगों ने फिर से निर्माण कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि समाधान दिवस में संदर्भ संख्या 30087226001048 के माध्यम से भी मामले से अधिकारियों को अवगत कराया गया था, जिसके बाद लेखपाल ने उक्त व्यक्ति को निर्माण से रोका था। इसके बावजूद कथित रूप से दबंगई के बल पर चोरी-छिपे रात में दोबारा निर्माण शुरू कर दिया गया। ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड विभाग बांदा से सार्वजनिक सड़क पर हो रहे कथित अवैध निर्माण को तत्काल रुकवाने और सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की है। जब इस संबंध में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग से जानकारी करनी चाहि तो मौके पर नहीं मिले।


No comments:
Post a Comment