46564 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के तत्वावधान में रविवार को राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर सीतापुर में मेगा वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश सुनील कुमार पंचम की अध्यक्षता में आयोजित शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया गया। विभिन्न विभागों की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र और आवश्यक उपकरण वितरित कर लाभान्वित किया गया। शिविर से पहले जिले में विभिन्न विभागों की ओर से 503 प्री-कैंप आयोजित किए गए थे। मेगा शिविर में बेसिक शिक्षा विभाग ने 54 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं दिव्यांग बच्चों को उपकरण उपलब्ध कराए। आवास योजनाओं के तहत 34 लोगों को स्वीकृति पत्र, दिव्यांग कल्याण विभाग ने 23 लोगों को हेलमेट सहित ट्राइसाइकिल तथा कृषि विभाग ने 11
किसानों को उपकरण और बीज वितरित किए। इसके अलावा सात लोगों को सोलर पैनल की स्वीकृति, 12 को वरासत की खतौनी और 10 परिवारों को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए सहायता दी गई। महिला एवं बाल कल्याण, पिछड़ा वर्ग, पशुपालन, उद्योग, खाद्य एवं रसद, रेशम, दुग्ध विकास और बैंकिंग विभागों ने भी विभिन्न योजनाओं के लाभ प्रदान किए। जल जीवन मिशन के तहत 25 घरों में जल संयोजन कर प्रमाण पत्र दिए गए। पुलिस विभाग ने सर्विलांस की मदद से बरामद आठ मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे और सड़क सुरक्षा के लिए आठ हेलमेट वितरित किए। प्री-कैंप और मुख्य शिविर को मिलाकर कुल 46,564 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय राकेश कुमार यादव, प्रथम अपर जिला जज राहुल मिश्रा, अपर जिला जज एवं नोडल अधिकारी अनुराग कुरील, विशेष न्यायाधीश गीता सिंह, रेनू मिश्रा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजेन्द्र प्रसाद भारती, सिविल जज (सीडि) सचिन कुमार दीक्षित, अश्वनी कुमार उपाध्याय, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट वर्णिका शुक्ला, अपर सिविल जज (सीडि) अंशुमान यादव, सिविल जज (जूडि) विदिशा भूषण, एस.आनन्द, न्यायाधिकारी ग्राम न्यायालय मानिकपुर विरेश कुमार सोनकर, सिविल जज मजिस्ट्रेट प्रथम सृष्टि शुक्ला, न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय अभिनव कुमार दुबे, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव इला चौधरी पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह सहित न्यायिक अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment