भीषण आग से 35 दुकानदारों की रोजी-रोटी खाक, जांच के आदेश - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, June 21, 2025

भीषण आग से 35 दुकानदारों की रोजी-रोटी खाक, जांच के आदेश

राख में बदला परानू बाबा मंदिर परिसर

जंगल में गूंजे धमाके, कोई जनहानि नहीं

चित्रकूट (मऊ), सुखेन्द्र अग्रहरि । गढ़वा ग्राम पंचायत स्थित प्रसिद्ध परानू बाबा मंदिर में शुक्रवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंदिर परिसर के पीछे बने एक हॉल में भीषण आग लग गई। रात करीब 9ः30 बजे लगी आग की सूचना मंदिर के पुजारी ने पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि आग की चपेट में आए हॉल में स्थानीय दुकानदारों का सामान रखा था, जिसमें गैस सिलेंडर, इनवर्टर, एलसीडी, कैमरा और अन्य कीमती सामग्री शामिल थी। आग इतनी भयानक थी कि वहां रखे सिलेंडर एक के बाद एक बम की तरह फटने लगे। जंगल में धमाकों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और मंदिर परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आर्थिक नुकसान भारी हुआ है। ग्राम प्रधान केसरी सिंह ने बताया कि

भीषण आग से क्षतिग्रस्त मंदिर परिसर 

आग में करीब 35 दुकानदारों का सारा सामान जलकर राख हो गया, जिनमें राजा सिंह, कामता सिंह, फूल सिंह, विनोद सिंह, रामनारायण सिंह, महीप सिंह, रामबाबू केसरवानी, मलखान समेत अन्य शामिल हैं। इन सभी का जीवन यापन इसी मंदिर परिसर में दुकान लगाकर होता था, लेकिन आग ने उनकी रोजी-रोटी छीन ली। एसडीएम मऊ सौरभ यादव ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल नायब तहसीलदार हिमांशु द्विवेदी को जांच के लिए भेजा। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर बताया कि आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। आश्वासन दिया कि जांच पूरी कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों और पीड़ित दुकानदारों ने सरकार से तत्काल मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages