चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा, चार शातिर गिरफ्तार - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, May 11, 2026

चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा, चार शातिर गिरफ्तार

आरोपितों के कब्जे से जेवरात समेत नकदी बरामद

फतेहपुर, मो शमशाद । शहर कोतवाली व राधानगर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। थाना कोतवाली पुलिस और इंटेलिजेंस विंग की संयुक्त कार्रवाई में आरोपितों के कब्जे से चोरी के जेवरात, मोबाइल फोन, नकदी और घटना में प्रयुक्त सब्बल बरामद किया गया। पुलिस अब फरार एक अन्य आरोपित की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित संगठित गिरोह

पुलिस की गिरफ्त में चार शातिर चोर।

बनाकर सूने मकानों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पहली घटना राधानगर थाना क्षेत्र की है। जहां 24 अप्रैल को अन्दौली पुलिया निवासी गुड्डू कुमार विश्वकर्मा के घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और दस हजार रुपये चोरी कर लिए गए थे। इसके बाद पांच मई को जय मां सरस्वती ज्ञान मंदिर के पीछे रहने वाले प्रमोद साहू के घर से सोने की चेन, चांदी के सिक्के, बिछिया और 23 हजार रुपये पार कर दिए गए। तीसरी घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के शिवपुरम कॉलोनी गढ़ीवा की है। यहां आनंद त्रिवेदी परिवार सहित कार्यक्रम में गए थे। वापस लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी का लॉकर टूटा पाया गया। चोर यहां से सोने-चांदी के जेवरात और करीब 50 हजार रुपये नकद ले गए थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मिट्ठनपुर ट्रैक के पास घेराबंदी कर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में रीशू पासवान निवासी झाऊपुर पुलिया, आशीष सिंह निवासी देवीगंज, दीपक कुमार उर्फ कमल निवासी नई बस्ती राधानगर, जगदीश सोनी उर्फ आजाद निवासी खुशवक्तराय नगर तथा भास्कर सोनी उर्फ गोलू निवासी राधानगर गाजीपुर रोड शामिल हैं। गिरोह का एक सदस्य शंकर पासवान मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 22 बिछिया, तीन जोड़ी पायल, तीन चांदी के सिक्के, तीन एंड्रायड मोबाइल फोन, दो अंगूठी, कमरबंद पेटी, सोने की बाली, लाकेट, गले की चेन, छह हजार रुपये नकद और चोरी में प्रयुक्त सब्बल बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य पहले भी कई चोरी की घटनाओं में जेल जा चुके हैं। मुख्य आरोपित रीशू पासवान पर कोतवाली नगर में गैंगस्टर समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जांच कर रही है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक रायसाहब यादव, भारत सिंह, अनीश शुक्ल, आजाद कुमार यादव समेत कोतवाली पुलिस टीम और इंटेलिजेंस विंग के प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा व उनकी टीम शामिल रही।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages