सुजानपुर प्रधान को दिल्ली में मिलेगा सम्मान - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, March 10, 2026

सुजानपुर प्रधान को दिल्ली में मिलेगा सम्मान

राष्ट्रीय सशक्त नेत्री पंचायत सम्मेलन में दिखाई जाएगी सफलता की गाथा

फतेहपुर, मो शमशाद । बहुआ विकास खंड की ग्राम पंचायत सुजानपुर की प्रधान हेमलता पटेल ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का मान बढ़ाया है। उन्हें नई दिल्ली में पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ग्यारह मार्च को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सशक्त नेत्री पंचायत सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। प्रतिष्ठित मंच पर उनकी सफलता की कहानी भी देश भर से आईं प्रतिनिधियों के सामने प्रदर्शित की जाएगी। हेमलता पटेल का चयन उनकी निरंतर उत्कृष्ट कार्यप्रणाली का परिणाम है। इससे पहले भी उन्हें अपने सराहनीय कार्यों के लिए प्रदेश की राजधानी लखनऊ और देश की राजधानी दिल्ली में बड़े मंचों पर सम्मानित किया चुका है।

सुजानपुर प्रधान हेमलता पटेल।

उनकी प्रशासनिक सूझबूझ और ग्रामीण विकास के प्रति समर्पण के कारण ही उन्हें विभाग की ड्रीम टीम में भी स्थान दिया गया है, जो उनकी नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है। इस सम्मेलन में सुजानपुर के विकास मॉडल महिला हितैसी  प्रभावी कार्यक्रम और हेमलता पटेल के संघर्ष व सफलता की कहानी को विशेष रूप से बड़ी स्क्रीन पर प्रदर्शित किया जाएगा। यह पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। भारत सरकार के सशक्त पंचायत नेत्री अभियान के अंतर्गत आयोजित इस गरिमामयी राष्ट्रीय सम्मेलन में हेमलता पटेल के साथ तेलियानी ब्लॉक अंतर्गत मिश्रामऊ की ग्राम प्रधान बीनू देवी भी प्रतिभाग करेंगी, जिससे वे विकासात्मक नवाचारों का अनुभव प्राप्त कर सकेंगी। हेमलता पटेल का इस स्तर पर बार-बार चुना जाना यह सिद्ध करता है कि फतेहपुर की ग्रामीण राजनीति में एक बड़ा सकारात्मक बदलाव आया है। उनके द्वारा सुजानपुर को महिला हितैषी ग्राम पंचायत बनाने के प्रयासों को अब राष्ट्रीय स्तर पर एक आदर्श मॉडल के रूप में देखा जा रहा है। प्रधान हेमलता पटेल ने कहा कि आज हमें बेहद खुशी और गर्व है कि भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय ने हमें दिल्ली में राष्ट्रीय सम्मेलन में आमंत्रित किया है। यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि मेरी पूरी सुजानपुर पंचायत, क्षेत्र एवं जनपद का है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages