बामदेवेश्वर मंदिर में गूंजा हर-हर महादेव, श्रद्धा के साथ मनाया गया ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, May 11, 2026

बामदेवेश्वर मंदिर में गूंजा हर-हर महादेव, श्रद्धा के साथ मनाया गया ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’

डीएम अमित आसेरी ने किया रुद्राभिषेक, राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की

सीडीओ बोले- सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है यह पर्व, योगी-मोदी सरकार में सुरक्षित हैं पौराणिक धरोहरें

बांदा, के एस दुबे ।  अटूट आस्था के 1000 वर्ष के संकल्प के साथ सोमवार को जिले के ऐतिहासिक व पौराणिक पर्वत पर स्थित बामदेवेश्वर मंदिर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व अत्यंत भव्यता और गरिमा के साथ मनाया गया। सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास और भारतीय अस्मिता के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। जहां पूरा मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार और महादेव के जयकारों से गुंजायमान रहा। उत्सव का शुभारंभ डीएम बांदा अमित आसेरी द्वारा किया गया। जहां इन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भगवान बामदेवेश्वर का विधिवत पूजन, अर्चन और रुद्राभिषेक किया और विद्वान पंडितों के सानिध्य में संपन्न हुए इस अनुष्ठान में जनपद और राष्ट्र की खुशहाली व जन-कल्याण की मंगल कामना की गई।



सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

भगवान शिव के इस प्राचीन मंदिर में स्थापित शिवलिंग के पूजन के उपरांत यहां पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। जहां स्थानीय कलाकारों ने शिव भजनों और पारंपरिक लोक गीतों की ऐसी तान छेड़ी कि उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। साथ ही सांस्कृतिक मंच के माध्यम से सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण की गाथा और भारतीय संस्कृति के स्वाभिमान का जीवंत चित्रण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडे ने कहा कि यह पर्व हमारी सांस्कृतिक चेतना और गौरवशाली अतीत का प्रतीक है। सीडीओ ने केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के नेतृत्व में हमारी पौराणिक धरोहरों और मंदिरों का कायाकल्प हो रहा है। इन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और भारतीय अस्मिता से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। इस अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालु, प्रबुद्ध नागरिक और जनपद के आला अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं प्रशासन द्वारा सुरक्षा और सुगम दर्शन के कड़े इंतजाम किए गए थे।





No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages