ओवरलोड ट्रकों पर कार्रवाई के बीच बवाल - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, June 23, 2026

ओवरलोड ट्रकों पर कार्रवाई के बीच बवाल

टास्क फोर्स व ग्रामीण आमने-सामने

बैरियर तोड़ भागा ट्रक, युवक ने लगाया मोबाइल छीनने व अभद्रता का आरोप

फतेहपुर, मो शमशाद । जनपद में ओवरलोडिंग और अवैध खनन पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। इसी बीच किशनपुर थाना क्षेत्र के विजईपुर कस्बे में ओवरलोड ट्रकों की चेकिंग के दौरान ऐसा हंगामा खड़ा हो गया कि टास्क फोर्स की कार्रवाई चर्चा का विषय बन गई। मौके पर हुई नोकझोंक और आरोप-प्रत्यारोप का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार राजस्व निरीक्षक विवेक तिवारी और उपनिरीक्षक जितेंद्र दुबे के नेतृत्व में गठित टास्क फोर्स विजईपुर में ओवरलोड वाहनों की जांच

चेकिंग टीम के साथ हंगामा करते युवक

कर रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रक ने चेकिंग बैरियर को टक्कर मार दी और आगे निकल गया। उसके पीछे चल रहे दूसरे ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन का दरवाजा खोलने से इंकार कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस दौरान पुलिसकर्मियों ने ट्रक के दरवाजे पर डंडे भी बरसाए, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। घटना ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब विजईपुर निवासी आयुष यादव कार्रवाई का वीडियो बनाने लगे। आयुष का आरोप है कि वीडियो रिकॉर्डिंग से नाराज होकर दारोगा जितेंद्र दुबे ने उनके साथ अभद्रता की और मोबाइल फोन छीन लिया। आरोप लगते ही मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध जताया और पुलिसकर्मियों के साथ तीखी बहस शुरू हो गई। कुछ देर के लिए माहौल पूरी तरह गर्मा गया। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर भी लोगों के बीच बहस छिड़ी हुई है। हालांकि पुलिस प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।

किशनपुर थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन की मुहिम के बीच विजईपुर में हुआ यह विवाद अब सुर्खियों में है। बैरियर तोड़कर भागे ट्रक से लेकर मोबाइल छीनने के आरोप तक, पूरे घटनाक्रम की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages