दबंगों का खूनी तांडव, कुल्हाड़ी व लाठी-डंडों से हमला कर 3 को पीटा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, July 12, 2026

दबंगों का खूनी तांडव, कुल्हाड़ी व लाठी-डंडों से हमला कर 3 को पीटा

बबेरू/बांदा, के एस दुबे । जनपद के मरका थाना क्षेत्र अंतर्गत भभुआ गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से लैस हमलावरों ने तीन लोगों को घेरकर बेरहमी से पीटा। इस खूनी संघर्ष में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के एक दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार में भारी आक्रोश है। जानकारी के अनुसार, भभुआ गांव में पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने अचानक जितेंद्र (भतीजा) पर हमला बोल दिया। चीख-पुकार सुनकर जब जितेंद्र को बचाने के लिए उनके चाचा जयप्रकाश पहुंचे, तो हमलावरों ने उन पर भी कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार कर दिए। दबंगों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने बीच-बचाव करने आए एक अन्य परिजन को भी नहीं बख्शा।


हमले में जयप्रकाश और जितेंद्र गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए। वारदात के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। आनन-फानन में घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की हालत बेहद नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पीड़ित पक्ष की ओर से मामले की सूचना तत्काल मरका थाना पुलिस को दी गई। पीड़ितों ने दो नामजद और दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ जानलेवा हमले की तहरीर दी है। हालांकि, घायल जयप्रकाश और जितेंद्र का आरोप है कि घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस ने इस मामले में सिर्फ कागजी औपचारिकता निभाई है। दबंग खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस ने अब तक उनकी गिरफ्तारी के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है, जिससे पीड़ित परिवार डरा-सहमा है। इस मामले में ग्रामीणों का कहना है कि अगर पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया, तो गांव में तनाव और बढ़ सकता है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages