सांसद की बेटी की ड्यूटी पर उठे सवाल, डीएम से उच्चस्तरीय जांच की मांग - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, July 12, 2026

सांसद की बेटी की ड्यूटी पर उठे सवाल, डीएम से उच्चस्तरीय जांच की मांग

बाँदा, के एस दुबे । जिला चिकित्सालय में तैनात नर्स श्वेता पटेल की ड्यूटी को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। इस संबंध में शिकायतकर्ता रविन्द्र नाथ गुप्ता ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि श्वेता पटेल, जो बाँदा-चित्रकूट की सांसद श्रीमती कृष्णा देवी पटेल की पुत्री बताई जा रही हैं, उनकी ड्यूटी रोस्टर के अनुसार प्रतिदिन सुबह 8 बजे से ट्रॉमा सेंटर में निर्धारित है। शिकायतकर्ता का दावा है कि वह पिछले लगभग दो वर्षों से नियमित रूप से ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हो रही हैं। 


शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि उनकी जगह ‘संजय’ नामक व्यक्ति अस्पताल में कार्य कर रहा है, जो नियमों के विपरीत है। मामले की जानकारी लेने के लिए रोस्टर तैयार करने वाली महिला कर्मचारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि शिवम नामक एक कर्मचारी ने फोन उठाया, लेकिन उसने यह कहते हुए कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया कि “मुझे कोई मतलब नहीं है।”

रविन्द्र नाथ गुप्ता का कहना है कि अस्पताल का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी इस संबंध में स्पष्ट जवाब देने को तैयार नहीं है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि श्वेता पटेल के पिछले दो वर्षों के उपस्थिति रजिस्टर की जांच कराई जाए। साथ ही ड्यूटी अवधि के दौरान मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और लोकेशन की जांच तथा ट्रॉमा सेंटर एवं संबंधित ड्यूटी स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच कराई जाए। फिलहाल इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्ष का पक्ष भी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है। अब जिला प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages