एसपी हर फरियादी की कर रहे सुनवाई, बढ़ रहा पुलिस पर भरोसा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, July 7, 2026

एसपी हर फरियादी की कर रहे सुनवाई, बढ़ रहा पुलिस पर भरोसा

फतेहपुर, मो शमशाद । जिले में पुलिस की कार्यशैली को जनोन्मुखी बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक लगातार नई मिसाल पेश कर रहे हैं। अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम जनता की समस्याओं के त्वरित और निष्पक्ष समाधान को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए वह प्रतिदिन पुलिस कार्यालय में स्वयं फरियादियों की शिकायतें सुन रहे हैं। मंगलवार को भी पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान उन्होंने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। एसपी ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को निष्पक्ष जांच कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी फरियादी को

कार्यालय में जनसुनवाई करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।

अनावश्यक परेशान न किया जाए तथा प्रत्येक शिकायत का समाधान पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के कार्यभार संभालने के बाद से पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई की व्यवस्था अधिक प्रभावी और परिणाममुखी हुई है। फरियादियों को बिना किसी सिफारिश या भटकाव के सीधे अपनी बात रखने का अवसर मिल रहा है। यही वजह है कि आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। एसपी का सरल, सहज और संवेदनशील व्यवहार भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। जनसुनवाई में आने वाले अधिकांश फरियादी यह महसूस कर रहे हैं कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जा रहा है और उन पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं। यही कारण है कि पुलिस कार्यालय से लौटने वाले लोग एसपी की कार्यशैली और जनसरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की खुले दिल से सराहना करते नजर आते हैं। लगातार हो रही जनसुनवाई से न केवल फरियादियों को त्वरित राहत मिल रही है, बल्कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास का रिश्ता भी पहले से अधिक मजबूत होता दिखाई दे रहा है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages