कानपुर, प्रदीप शर्मा - छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं क्रीड़ा विभाग के विभागाध्यक्ष एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. श्रवण कुमार यादव का चयन भारतीय विश्वविद्यालय संघ की 35वीं वार्षिक आम बैठक में सहभागिता के लिए किया गया। यह बैठक एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, तमिलनाडु में आयोजित हुई, जिसमें देशभर के विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालयी खेलों के विकास एवं सुदृढ़ीकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इनमें इंटर यूनिवर्सिटी खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन एवं आवंटन, प्रतियोगिताओं के सफल संचालन के लिए ऑब्जर्वर्स की नियुक्ति, खेल गतिविधियों के प्रभावी समन्वय तथा विश्वविद्यालय स्तर पर खेलों को और अधिक प्रोत्साहित करने संबंधी विषयों पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर डॉ. श्रवण कुमार यादव को भारतीय विश्वविद्यालय संघ के इंटर यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स बोर्ड के सदस्य के रूप में भी नामित किया गया है। यह नामांकन भारतीय विश्वविद्यालय संघ के क्लाज 13.2 (बी)(i) के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एक वर्ष की अवधि के लिए किया गया है। डॉ. यादव स्पोर्ट्स बोर्ड के सदस्य के रूप में इंटर यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स बोर्ड की विभिन्न बैठकों में सहभागिता करेंगे तथा विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली खेल गतिविधियों, नीतिगत निर्णयों एवं राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के संचालन में अपनी भूमिका निभाएंगे। वे भारतीय विश्वविद्यालय संघ के निर्धारित ढांचे के अंतर्गत विश्वविद्यालयी खेलों के प्रचार-प्रसार, उन्नयन तथा खेल संस्कृति को मजबूत बनाने में भी अपना योगदान देंगे।
डॉ. यादव की इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो विनय कुमार पाठक ने हर्ष व्यक्त करते हुये कहा कि विश्वविद्यालयीय खेल गतिविधियों को नई दिशा एवं गति प्राप्त होगी। इससे विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिताओं में अधिक अवसर उपलब्ध होंगे तथा उनकी सहभागिता और प्रदर्शन में भी सकारात्मक वृद्धि होने की अपेक्षा है।


No comments:
Post a Comment