मुरवल बी-पैक्स सहकारी समिति में खाद वितरण में अनियमितताओं का खुलासा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, July 12, 2026

मुरवल बी-पैक्स सहकारी समिति में खाद वितरण में अनियमितताओं का खुलासा

174 बोरी डीएपी गायब मिलने का दावा

बांदा, के एस दुबे । मुरवल स्थित बी-पैक्स सहकारी समिति में डीएपी खाद वितरण में कथित अनियमितताओं की शिकायत पर शुक्रवार को जिला कृषि अधिकारी संजय कुमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद वितरण और स्टॉक व्यवस्था में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने का दावा किया गया, जिसके बाद विभाग ने जांच तेज कर दी है। जिला कृषि अधिकारी ने बिक्री एवं स्टॉक रजिस्टर की जांच करने के साथ दूरभाष पर किसानों से खाद वितरण की जानकारी ली। जांच के दौरान कुछ किसानों ने आरोप लगाया कि मशीन में उनके नाम से चार बोरी डीएपी खाद दर्ज की गई, जबकि उन्हें मौके पर केवल दो बोरी ही उपलब्ध कराई गई। साथ ही किसानों से जबरन टैगिंग कराने की भी शिकायत सामने आई।


निरीक्षण में स्टॉक और बिक्री रजिस्टर सही ढंग से संधारित नहीं मिले। इसके अलावा संबंधित सचिव की अनुपस्थिति में यूरिया का वितरण किया जाना भी पाया गया। मशीन और बिक्री रजिस्टर के मिलान में 174 बोरी डीएपी खाद का स्टॉक मौके पर नहीं मिला। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि 500 बोरी यूरिया, जिसका ई-वे बिल मुरवल समिति के नाम से जारी हुआ था, निरीक्षण के समय समिति में उपलब्ध नहीं थी। बताया गया कि इसे बिना सक्षम अधिकारियों को जानकारी दिए उपकेंद्र भेज दिया गया।

जिला कृषि अधिकारी ने यह भी बताया कि इफ्को कंपनी के 550 रुपये मूल्य वाले पोटाश के 600 बोरे बिना उच्च अधिकारियों की जानकारी के मंगवाए गए थे। आशंका जताई गई कि इनकी एमआरपी पर बिक्री कर अवैध वसूली की तैयारी की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कृषि विभाग ने समिति से डीएपी एवं डीपी सल्फर (90 प्रतिशत न्यूनतम) के नमूने जांच के लिए संग्रहित कर लिए हैं। जिला कृषि अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages