पैलानी/ बांदा, के एस दुबे । पड़ोहरा रोड पर चंद्रावल नदी का रपटा टूट जाने से क्षेत्र के ग्रामीणों के सामने आवागमन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। समस्या को लेकर विकासखंड जसपुरा, तहसील पैलानी क्षेत्र के ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी पैलानी को प्रार्थना पत्र देकर जल्द से जल्द सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीण अनुज शिवहरे का कहना है कि रपटा टूट जाने के कारण क्षेत्र का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। इससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और मरीजों को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रोजमर्रा के जरूरी कार्यों के लिए भी लोगों को काफी दिक्कत उठानी पड़ रही है। प्रार्थना पत्र में ग्रामीणों ने एसडीएम से जनहित को ध्यान में रखते हुए नदी से सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग की तत्काल व्यवस्था कराने तथा स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते रास्ते की व्यवस्था नहीं की गई तो क्षेत्रवासियों की परेशानी और बढ़ सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई है। प्रार्थना पत्र पर अनुज शिवहरे, हरी ओम सिंह, धर्मेंद्र मिश्रा, संजय शिवहरे समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment