नवजात को जन्म देकर मां की मौत, अस्पताल में मचा हंगामा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, August 12, 2026

नवजात को जन्म देकर मां की मौत, अस्पताल में मचा हंगामा

खून चढ़ाने के बाद बिगड़ी प्रसूता की हालत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई कर अस्पताल को किया सीज

फतेहपुर, मो शमशाद । सदर कोतवाली क्षेत्र के बहादुर पाल अस्पताल में नवजात को जन्म देने के महज एक दिन बाद महिला की मौत से हड़कंप मच गया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल में जमकर हंगामा करते हुए चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि प्रसव के बाद महिला की हालत बिगड़ने पर उसे खून चढ़ाया गया था, लेकिन इसके बाद उसकी तबीयत में सुधार होने के बजाय हालत और गंभीर होती चली गई और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

प्रसूता की मौत के बाद अस्पताल में लगी भीड़ व मौजूद पुलिस बल।

बताया गया कि महिला ने एक दिन पहले ही बच्चे को जन्म दिया था। प्रसव के बाद अचानक उसकी हालत बिगड़ने पर अस्पताल में उपचार शुरू किया गया। इसी दौरान महिला को खून चढ़ाया गया। परिजनों का आरोप है कि रक्त चढ़ाए जाने के बाद महिला की हालत और ज्यादा बिगड़ गई। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि इलाज में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। परिजनों का आरोप है कि निजी अस्पतालों की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन की ओर से लगातार सख्ती के बावजूद प्रभावी निगरानी नहीं हो पा रही है। उधर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर घटना के बाबत जानकारी जुटाते हुए अव्यवस्थाएं पाए जाने पर अस्पताल को सीज कर दिया है। 


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages