न्यायिक कार्यों से किनारा, डीएम को सौंपा ज्ञापन बोले-जब तक कानून नहीं बनेगा, जारी रहेगा संघर्ष
बांदा, के एस दुबे । अधिवक्ताओं की सुरक्षा और विभिन्न मांगों को लेकर जनपद के वकीलों का आक्रोश बुधवार को खुलकर सामने आ गया। सुरक्षा कानून बनाए जाने की मांग को लेकर बुधवार को अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से पूरी तरह विरत रहे और कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। अधिवक्ता संघ के जिलाध्यक्ष विमल कुमार सिंह के नेतृत्व में वकीलों का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी अमित असेरी से मिला और उन्हें अपनी समस्याओं व मांगों से अवगत कराया। जिलाध्यक्ष विमल कुमार सिंह ने सरकार और प्रशासन के समक्ष कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि
अधिवक्ता समाज को न्याय दिलाने का पवित्र कार्य करता है, लेकिन विडंबना यह है कि आज अधिवक्ता खुद पूरी तरह असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि जब तक प्रदेश और देश स्तर पर अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर कड़ा श्अधिवक्ता सुरक्षा कानूनश् पास नहीं किया जाता, तब तक वकीलों का यह संघर्ष और प्रदर्शन इसी प्रकार जारी रहेगा। अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्यों से विरत रहने और हड़ताल पर जाने के कारण कचहरी और अदालतों में कामकाज ठप रहा, जिससे दूर-दराज से आए वादकारियों को बैरंग लौटना पड़ा। वकीलों ने एक स्वर में मांग की है कि अधिवक्ताओं पर हो रहे हमलों को रोकने के लिए सरकार तत्काल प्रभाव से सुरक्षा कानून लागू करे। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment