फतेहपुर, शमशाद खान । चांदपुर थाना क्षेत्र के सहरन बुजुर्ग गांव में काफी समय से अवैध असलहे के चल रहे कारोबार के सौदागारों की सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने पर ‘‘अमजा भारत’’ ने खबर को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया। खबर प्रकाशित होते ही आला अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गये और पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने सम्बन्धित थानाध्यक्ष को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिये। जिस पर चांदपुर थानाध्यक्ष ने दो सगे भाईयों को दो अवैध असलहा व कारतूस समेत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बताते चलें कि चांदपुर थाना क्षेत्र के सहरन बुजुर्ग गांव में काफी समय से अवैध असलहा का कारोबार चल रहा था। जिसकी जानकारी पुलिस को भी थी लेकिन आज तक इन सौदागारों पर कोई कार्रवाई नहीं की गयी थी। जिससे इनके हौसले इतने बुलन्द हो गये थे कि सोशल मीडिया के माध्यम से अवैध असलहों की नुमाइश के साथ-साथ डीलिंग भी सेट होती थी। सोशल मीडिया पर ही अवैध असलहों की पूजा-पाठ व नुमाइश करते फोटो वायरल होने के बाद ‘‘अमजा भारत’’ ने योगी सरकार में अवैध असलहा सौदागार हुए बेखौफ शीर्षक के माध्यम से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होने के बाद जिले के आला अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गये और पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने स्वयं मामले का संज्ञान लेते हुए चांदपुर थानाध्यक्ष केशव प्रसाद वर्मा को तत्काल अवैध असलहा सौदागरों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिये। एसपी के निर्देशन में थानाध्यक्ष हरकत में आये और उन्होने दो सगे भाईयों विजय कुमार यादव व छुट्टन पुत्रगण नन्दराम यादव को दो अवैध असलहा व पांच कारतूसों के साथ गिरफ्तार कर लिया। उधर खबर प्रकाशित करने के बाद जिले में अन्य अवैध असलहा सौदागरों के बीच भी हड़कम्प मचा हुआ है। चर्चा रही कि जिले में बड़े पैमाने पर अवैध असलहों का कारोबार पनप रहा है। पड़ोसी जनपद बांदा, कौशाम्बी, रायबरेली, कानपुर के खरीददार यहां बड़ी संख्या में अवैध असलहा लेने के लिए आते हैं। यदि पुलिस अपने मुखबिरों का जाल बिछा दे तो बड़ी मात्रा में अवैध असलहा के साथ-साथ इस कारोबार में लिप्त लोगों का पर्दाफाश हो सकता है।


No comments:
Post a Comment