भाजपा में नेतृत्व परिवर्तन, जिलाध्यक्ष बने मुखलाल पाल - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, September 15, 2023

भाजपा में नेतृत्व परिवर्तन, जिलाध्यक्ष बने मुखलाल पाल

अमरनाथ, करन के बाद मुखलाल तीसरा बैकवर्ड चेहरा 

फतेहपुर, मो. शमशाद । सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी का जिले में अंत्वोगत्वा नेतृत्व परिवर्तन हो गया। मुखलाल पाल को नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी द्वारा आज प्रदेश के जिन 79 जिलाध्यक्षों की घोषणा की गई उनमें फतेहपुर में पिछड़े वर्ग के चेहरे को ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। लगभग 43 वर्ष के भाजपाई सफर में यह तीसरा मौका है जब पिछड़े वर्ग से जिलाध्यक्ष बनाया गया है। इसके पूर्व 1985 में अमरनाथ चौरसिया व 2005 में करन सिंह पटेल पिछड़े वर्ग से थे। 

नवमनोनीत भाजपा जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल।

गौरतलब है कि भाजपा के नए जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल की लगभग आठ साल बाद ज़िले की सक्रिय राजनीति में वापसी हुईं हैं। ज़िला संगठन में अन्तिम बार वह 2012 से 2015 तक तत्कालीन जिलाध्यक्ष रणवेंद्र प्रताप उर्फ धुन्नी सिंह के साथ जिला कार्यकारिणी में महासचिव थे। इसके पूर्व 2010 से 2012 तक वे प्रभुदत्त दीक्षित के साथ भी ज़िला इकाई में भी महासचिव रहे थे। इसके पूर्व उन्होंने वर्ष 2000 के करीब भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। उल्लेखनीय है कि भाजपा के 1980 में अस्तित्व में आने के बाद बने जिलाध्यक्षों की सूची पर गौर करें तो मिलता है कि जिले में 17 बार नेतृत्व परिवर्तन हुआ और 12 बार ब्राह्मण चेहरे पर मुहर लगी जबकि पांच बार गैर ब्राह्मण जिलाध्यक्ष हुआ। तीन बार पिछड़े वर्ग से, एक बार क्षत्रिय व एक ही बार दलित समाज को जिला नेतृत्व संभालने का अवसर मिला। भाजपा से यहां सर्वप्रथम स्व. सर्वदानंद शास्त्री जिलाध्यक्ष हुए, उसके बाद महेन्द्रनाथ बाजपेई, फिर अमरनाथ चौरसिया, स्व. श्रीधर शुक्ला वैद्यजी, स्व. उमा शंकर त्रिपाठी, स्व. हरि नारायण दुबे उर्फ़ नन्दन बाबू, मनोज शुक्ला, स्व. उमा शंकर त्रिपाठी, रमाकान्त त्रिपाठी, करन सिंह पटेल, कृष्णा पासवान, प्रभुदत्त दीक्षित, रणवेंद्र प्रताप उर्फ़ धुन्नी सिंह, दिनेश बाजपेई, प्रमोद द्विवेदी, आशीष मिश्रा और अब मुखलाल पाल को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। बताते चलें कि भाजपा के जिन पांच गैर ब्राह्मण ज़िला अध्यक्ष हुए उनमें तीन करन सिंह पटेल, कृष्णा पासवान एवं रणवेंद्र प्रताप उर्फ धुन्नी सिंह को आगे चलकर पार्टी ने विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाया और तीनों जीतकर विधानसभा पहुंचे। कृष्णा पासवान मौजूदा समय में भी विधायक हैं। मुखलाल पाल को भाजपा का नया जिलाध्यक्ष नामित किए जाने पर स्थानीय पार्टीजनों एवं जनप्रतिनिधियों ने हर्ष व्यक्त किया है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages