150 करोड़ की ठगी करने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, March 11, 2025

150 करोड़ की ठगी करने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

गैंग लीडर राजेश मौर्या खा रहा जेल की हवा

फतेहपुर, मो. शमशाद । सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के अंतर्गत 150 करोड़ रूपए की ठगी करने वाले गिरोह के वांछित चार अभियुक्तों को घोष पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया। सभी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय भेज दिया। इस गैंग का लीडर राजेश मौर्या पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है जो इस समय जेल की हवा खा रहा है। जनपद में रजिस्टर्ड गैंग संख्या डी-75 थाना सुल्तानपुर घोष के सदस्य गैंगस्टर एक्ट मु0अ0सं0 36/2025 धारा 2/3 गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 में वांछित चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर सुल्तानपुर घोष प्रयासरत थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने शत्रोहन उर्फ शत्रुघन पुत्र स्व0 सुखलाल, रूप सिंह उर्फ रूपचन्द्र पुत्र भगत, अरूण कुमार मौर्या पुत्र गया प्रसाद मौर्या व रोहित कुमार पुत्र दुर्गा प्रसाद निवासीगण खजुरियापुर थाना सुल्तानपुर घोष को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस टीम की गिरफ्त में पकड़े गए गिरोह के वांछित अभियुक्त।

पकड़े गए सभी वांछित अभियुक्तों के खिलाफ पहले से ही विभिन्न धाराओं में मुकदमे पंजीकृत हैं। पुलिस ने सभी अभियुक्तों को न्यायालय भेज दिया। बताते चलें कि इस गैंग का लीडर राजेश मौर्या था। जिसने क्षेत्र की जनता को धन बढ़ाने के नाम पर डेढ़ सौ करोड़ रूपए जमा करवा लिया था। जब यह मामला खुला तो गैंग लीडर परिवारीजनों से गांव छोड़कर फरार हो गया था। जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास काफी समय से किए जा रहे थे। अंततः पुलिस ने गैंग लीडर को गांव से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस मामले में कई अभियुक्त वांछित हैं। जिनकी समय-समय पर गिरफ्तारियां की जा रही है। वांछितों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार त्रिपाठी, एसएसआई जय प्रकाश सिंह, एसआई दिलीप कुमार, प्रक्षिशु उपनिरीक्षक आकाश मिश्रा, विवेकानन्द, हेड कांस्टेबल पंकज त्रिपाठी, ओम प्रकाश पाण्डेय, कांस्टेबल राजेश यादव शामिल रहे। 


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages