जिला कार्यालय इंदिरा नगर में हुआ आयोजन
बांदा, के एस दुबे । मंगलवार को जनता दल यूनाइटेड के जिला कार्यालय इंदिरा नगर बांदा में आज वीरांगना रानी दुर्गावती की पुण्यतिथि भावपूर्ण श्रद्धांजलि और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू उत्तर प्रदेश की प्रदेश उपाध्यक्ष शालिनी सिंह पटेल ने की। उन्होंने कहा, रानी दुर्गावती केवल गोंडवाना की रानी नहीं, बल्कि वे भारतीय इतिहास में नारी शक्ति, स्वाभिमान और बलिदान की अमिट पहचान हैं। उनका जीवन हम सबके लिए प्रेरणा है कि जब अन्याय सिर उठाए, तो संघर्ष ही मार्ग है। इस अवसर पर रानी दुर्गावती के जीवन संघर्ष को याद किया गया। उन्होंने मात्र 25 वर्ष की आयु में गोंडवाना राज्य की बागडोर संभाली और कुशल शासन के साथ प्रजाजनों के कल्याण को प्राथमिकता दी। 1564 में मुगल सेनापति आसफ खाँ ने गोंडवाना पर आक्रमण किया,
लेकिन रानी ने अपनी सेना के साथ डटकर मुकाबला किया। अंतिम समय तक युद्धभूमि में रहते हुए उन्होंने आत्मबलिदान देना स्वीकार किया, लेकिन समर्पण नहीं किया। उमा कांत सविता, जिला अध्यक्ष जदयू बांदा ने कहा कि रानी दुर्गावती की वीरगाथा इतिहास के पन्नों में स्वर्णाक्षरों से लिखी गई है। पिंकी प्रजापति, नगर अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ ने कहा कि हर बेटी को यह जानना चाहिए कि भारत की माटी ने कितनी महान वीरांगनाएं जन्म दी हैं। बाबू लाल चौधरी, जिला महासचिव जदयू बांदा ने कहा, रानी दुर्गावती ने यह सिद्ध कर दिया कि सत्ता भले टूट जाए, पर स्वाभिमान की रक्षा के लिए अंतिम सांस तक लड़ा जा सकता है। उनके सिद्धांत आज भी हम जनप्रतिनिधियों के लिए मार्गदर्शक हैं। काशी प्रसाद याज्ञिक, जिला अध्यक्ष नगर विकास प्रकोष्ठ ने रानी को जनजातीय स्वाभिमान की रक्षक बताते हुए कहा कि उनका इतिहास सिर्फ स्मरण का नहीं, गर्व और आत्मबल का विषय है। कार्यक्रम में सद्दाम हुसैन (जिला उपाध्यक्ष), पवन तिवारी (जिला महासचिव), अवधेश कुमार, रामशरण मैनेजर (ग्राम पंचायत अध्यक्ष, परसौडा), जानकी देवी, और विद्या भूषण पटेल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पण, दो मिनट के मौन और राष्ट्रभक्ति के संकल्प के साथ किया गया।


No comments:
Post a Comment