विरोध करने पर दबंगों ने की मारपीट, कार्रवाई न होने पर डीएम की चौखट पहुंची पीड़िता
डीएम ने एनएचएआई के अधिकारियों को तलब कर मांगी रिपोर्ट
फतेहपुर, मो. शमशाद । मलवां थाना क्षेत्र के ग्राम सौंरा में एनएचएआई के चौड़ीकरण में गए मकान का मुआवजा लेने के बावजूद दबंग नाले के ऊपर दीवार खड़ी कर रहे थे। जब इसका विरोध किया तो दबंगों ने पीड़ित पक्ष के साथ जमकर मारपीट की। थाने के साथ ही एसपी को शिकायती पत्र दिए जाने के बावजूद दबंगों पर कार्रवाई न होने की दशा में पीड़िता ने डीएम की चौखट पर न्याय की गुहार लगाई। जिस पर डीएम ने एनएचएआई के अधिकारियों को तलब कर मामले की रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने के निर्देश दिए हैं। डीएम को दिए गए शिकायती पत्र में ग्राम सौंरा निवासी कनीज फातिमा पत्नी शेख रशीद ने बताया कि उसके मकान के बगल वाला मकान रजब अली पुत्र भिखारी का था। जो एनएचएआई के चौड़ीकरण में चला गया। एनएचएआई ने रजब अली व उनके परिवारीजनों को मुआवजा भी प्रदान किया। मकान को तोड़कर जमीदोज कर दिया गया। रजब अली का मकान
![]() |
| नेशनल हाईवे किनारे मकान के दरवाजे पर खड़ी पीड़िता। |
जमीदोज होने के बाद उसका मकान राजमार्ग के बगल में आ गया। जिससे उसने राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दरवाजा खोल दिया। जिस पर रजब अली के परिवारीजन आलम, अकरम, असलम, अशरफ, अयान 15 जून की सुबह आ पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए कहा कि उनका मकान भले ही चला गया है लेकिन यह जगह अब भी उनकी है। दबंगों ने बालू, गिट्टी, सीमेन्ट गिरवाई और नाले के ऊपर व पीड़िता के घर से सटाकर दीवार का निर्माण करवाने लगे। जब विरोध किया तो एकराय होकर उसे व उसके तेरह वर्षीय पुत्र के साथ जमकर मारपीट की। पीड़िता ने इसकी शिकायत थाने के अलावा एसपी से भी की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने एनएचएआई के अधिकारियों को तलब करते हुए मामले की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।


No comments:
Post a Comment