तेज आवाज में डीजे बजाने पर होगी कार्यवाही
बांदा, के एस दुबे । होली,रमजान व ईद के त्यौहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में डीएम तथा एसपी आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाए जाने की अपील की। पीस कमेटी की बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी जे रीभा एवं पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने संयुक्त रूप से की। बैठक को सम्बोधित करते हुए डीएम जे रीभा ने कहा कि होली आपसी भाईचारे और उल्लास का पर्व है। वहीं ईद शांति एवं मेलजोल का प्रतीक है। दोनों पर्वों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि होलिका दहन परम्परागत स्थानों में ही किया जाए। उन्होंने थाना क्षेत्रवार होली के त्यौहार की तैयारी की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सतर्कता बरती जाए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि होलिका दहन स्थलों पर विद्युत के तारों को चेक कर लें तथा जल संस्थान के द्वारा निर्धारित समय
![]() |
| शांति समिति की बैठक को संबोधित करतीं डीएम जे.रीभा, साथ में मौजूद एसपी पलाश बंसल। |
में जलापूर्ति एवं पानी की टैंकरों की व्यवस्था की जाए। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी नगरपालिका एवं नगर पंचायत तथा जिला पंचायत राज अधिकारी को साफ-सफाई कराये जाने के निर्देश दिये। डीएम जे रीभा ने जिला आबकारी अधिकारी को अवैध शराब की विक्री पर सतर्क नजर रखने एवं प्रवर्तन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये। उन्होंने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को खाद्य सामग्री में मिलावट रोकने हेतु कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। बैठक में पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि जुलूसों एवं आयोजनों के लिए पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि डीजे तेज आवाज में नही बजेगें। अन्यथा कडी कार्यवाही की जायेगी। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। होली मिलन कार्यक्रम को शान्तिपूर्वक सम्पन्न करायें। एसपी ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि सभी त्योहार आपसी प्रेम, सौहार्द और सहयोग से मनाएं। बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं एवं समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि जनपद में शांति एवं भाईचारे की परंपरा को बनाए रखा जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की कि त्योहारों को मिलजुलकर मनाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, जिससे जनपद में शांति व्यवस्था कायम रहे।बैठक में अपर जिलाधिकारी कुमार धर्मेन्द्र,अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज,नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस एवं सम्बन्धित विभागों के अधिकारी तथा जनपद के सम्भ्रान्त नागरिगण उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment