प्रभारी मंत्री ने जिले में संचालित विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था का लिया हाल - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, February 4, 2026

प्रभारी मंत्री ने जिले में संचालित विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था का लिया हाल

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन राज्य मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री मनोहर लाल (मन्नू कोरी) की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से जनपद में संचालित विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंत्री ने सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन विभागों की रैंकिंग ‘ए’ ग्रेड में है, वे अपनी स्थिति वैसी ही बनाए रखें, जबकि ‘बी’, ‘सी’ एवं ‘डी’ ग्रेड वाले विभाग तत्काल सुधार सुनिश्चित करें। चेतावनी दी कि अगली समीक्षा बैठक में प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विद्युत व्यवस्था के सम्बन्ध मंत्री ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिए कि खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदला जाए तथा नए विद्युत कनेक्शनों के आवेदनों को लंबित न रखा जाए। उन्होंने शासन की गाइडलाइन के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के संबंध में


उप निदेशक कृषि को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रहे। मंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने और ग्राम पंचायतों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी को अस्पतालों में स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, डॉक्टरों की रोस्टर के अनुसार तैनाती सुनिश्चित करने तथा एम्बुलेंस सेवाओं को दुरुस्त रखते हुए मरीजों के प्रति संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता को सड़कों को गड्ढामुक्त रखने, नई सड़कों की गुणवत्ता की निरंतर जांच करने तथा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को गौशालाओं में संरक्षित पशुओं के लिए हरे चारे एवं ठण्ड से बचाव के समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक सत्यपाल सिंह ने जनपद की कानून व्यवस्था की स्थिति से मंत्री को अवगत कराया। इस दौरान विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर मंत्री ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कैंसर के प्रति जागरूक कर रोकथाम की शपथ भी दिलाई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, मुख्य विकास अधिकारी डी.पी. पाल, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेन्द्र कोटार्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ भूपेश द्विवेदी, डीसी मनरेगा डीएन पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages