कानपुर, प्रदीप शर्मा - छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट द्वारा 18 अप्रैल को पूर्व छात्र सम्मेलन ‘नॉस्टैल्जिया’ का आयोजन किया जा रहा है। स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट के निदेशक प्रोफेसर सुधांशु पांड्या ने जानकारी देते हुए बताया कि इस एल्यूमिनी मीट की अध्यक्षता कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमबीए (वर्ष 1992–1994) के पूर्व छात्र राम मल्होत्रा होंगे, जो वर्तमान में नैरोलैक पेंट्स में चीफ बिजनेस ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं।
प्रोफेसर पांड्या ने बताया कि ‘नॉस्टैल्जिया’ का उद्देश्य पूर्व छात्रों को एक साझा मंच प्रदान करना है, जहां वे अपने अनुभव साझा कर सकें तथा वर्तमान छात्रों के साथ संवाद स्थापित कर उनका मार्गदर्शन कर सकें। इस अवसर पर सीएसजेएम यूनिवर्सिटी कैंपस एलुमनाई एसोसिएशन के निदेशक डॉ विवेक सिंह सचान ने कहा कि यह आयोजन न केवल पुराने संबंधों को पुनर्जीवित करने का अवसर है, बल्कि संस्थान और उसके पूर्व छात्रों के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी है।
उन्होंने यह भी बताया कि यह एल्यूमिनी मीट पूर्णतः विभाग के पूर्व छात्रों की कंपनियों द्वारा प्रायोजित की जा रही है। अब तक बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन के पूर्व छात्र आशीष सिंह की कंपनी ए आर फेनेस्ट्रेशन तथा एमबीए के पूर्व छात्र रवि भूषण की कंपनी बुकिंग जंक्शन द्वारा प्रायोजन प्रदान किया जा चुका है। कार्यक्रम में देश-विदेश से लगभग 250 से अधिक पूर्व छात्रों के सम्मिलित होने की संभावना है।


No comments:
Post a Comment