पुण्यतिथि पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । जिले के जिला कांग्रेस कैंप कार्यालय में मंगलवार को भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि श्रद्धा और राजनीतिक स्मृतियों के बीच मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत जिला अध्यक्ष कुशल सिंह पटेल द्वारा राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित करने से हुई, जिसके बाद उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राजीव गांधी को आधुनिक भारत की सोच का शिल्पकार” बताते हुए उनके फैसलों और दूरदर्शी नीतियों को याद किया।
![]() |
| श्रद्धांजलि देते कांग्रेसी |
जिला अध्यक्ष कुशल सिंह पटेल ने कहा कि देश में कंप्यूटर क्रांति की नींव रखने का श्रेय राजीव गांधी को जाता है। उन्होंने कहा कि आज भारत जिस डिजिटल युग में आगे बढ़ रहा है, उसकी आधारशिला वर्षों पहले राजीव गांधी ने रखी थी। पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत बनाने, युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार दिलाने तथा बैंकिंग व्यवस्था में एटीएम जैसी आधुनिक सुविधाओं की शुरुआत कराने जैसे ऐतिहासिक कदमों को उन्होंने भारत के लोकतांत्रिक विकास का महत्वपूर्ण अध्याय बताया। कार्यक्रम में जिला महासचिव विजय मणि त्रिपाठी, जिला सचिव कार्यालय प्रभारी राजेश सिंह पटेल, जिला सचिव ओम प्रकाश गुप्ता, अजीत मिश्रा, अंशु यादव समेत कई कांग्रेसजन मौजूद रहे। श्रद्धांजलि सभा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।
.jpeg)

No comments:
Post a Comment