सुरक्षा व सुविधाओं को लेकर उठाई मांगे
फतेहपुर, मो शमशाद । आगामी मोहर्रम पर्व के मद्देनजर ताजिया व अलम इंतेजामिया कमेटी ने प्रशासन का ध्यान जुलूसों के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं की ओर आकर्षित करते हुए जिलाधिकारी को एक मांग पत्र सौंपा है। कमेटी ने मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिया, अलम एवं पलंग के जुलूसों को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। इसके बाद एसपी से भी कमेटी के पदाधिकारियों ने मुलाकात की। कमेटी के अध्यक्ष चैधरी मोईन राईन की अगुवई में पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और डीएम से मिलकर एक ज्ञापन सांैपकर बताया कि संभावित रूप से 17 जून से मोहर्रम का चांद शुरू होगा और लगभग 12 दिनों तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में धार्मिक आयोजन एवं जुलूस निकलेंगे। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में अकीदतमंद और जायरीन शामिल होते हैं, जिसके चलते सुरक्षा और जनसुविधाओं की दृष्टि से विशेष
![]() |
| डीएम को ज्ञापन देने के लिए खड़े कमेटी के पदाधिकारी। |
इंतजाम आवश्यक हैं। मांग पत्र में जुलूस मार्गों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने, नीचे लटक रहे बिजली के तारों को ऊंचा कराने तथा केबिल, डिश और इंटरनेट के तारों को व्यवस्थित करने की मांग की गई है। कमेटी ने कहा कि कई स्थानों पर तारों की स्थिति दुर्घटना को आमंत्रण दे रही है, जिससे समय रहते निस्तारण बेहद जरूरी है। इसके अलावा जुलूस मार्गों पर खुले ट्रांसफार्मरों की बैरीकेडिंग, अतिक्रमण हटाने और रास्तों को पूरी तरह साफ एवं सुरक्षित रखने की मांग भी की गई है। कमेटी ने प्रशासन को अवगत कराया कि आठवीं, नौवीं और दसवीं मोहर्रम को शहर में पूरे जनपद से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं, इसलिए उनके लिए मोबाइल शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था की जानी चाहिए। मांग पत्र में छुट्टा पशुओं और आवारा जानवरों की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया है। कमेटी का कहना है कि जुलूसों के दौरान छुट्टा पशुओं के बीच में आने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा गंदे जानवरों को भी मोहर्रम अवधि में नियंत्रित रखने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किए जाने की मांग की गई है। सदर ताजिया व अलम इंतेजामिया कमेटी ने जिलाधिकारी से सभी समस्याओं का समय रहते समाधान कराने की अपील करते हुए विश्वास जताया है कि प्रशासन आवश्यक कदम उठाकर मोहर्रम के धार्मिक आयोजनों को सकुशल संपन्न कराने में सहयोग करेगा। कमेटी ने कहा कि बेहतर व्यवस्थाएं न केवल श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी बल्कि जिले की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द को भी मजबूत करेंगी। इस मौके पर जनरल सेक्रेटरी वारिस उद्दीन, शब्बीर, लल्लू, मो0 राशिद, फरीद उद्दीन, रियाज, चैधरी अब्दुल सलाम, फरीद खान, इब्राहिम आदि मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment