जमीनी विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, गांव में तनाव - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, May 10, 2026

जमीनी विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, गांव में तनाव

प्रधान समेत कई लोगों पर शक, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित

फतेहपुर, मो शमशाद । खागा कोतवाली क्षेत्र के धरमंगतपुर नरवा गांव में जमीन विवाद ने शुक्रवार रात खूनी रूप ले लिया। गांव निवासी 40 वर्षीय फूल सिंह लोधी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की गई हैं। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे यूपी-112 को सूचना मिली कि गांव में मारपीट हुई है और एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही यूपी-112 व स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसी दौरान एक अन्य कॉल में एक युवक ने अपने पिता के लापता होने की सूचना दी। जांच में दोनों घटनाएं एक ही

युवक की हत्या के बाद गमजदा बैठे परिजन।

स्थान से जुड़ी मिलीं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान गांव निवासी फूल सिंह लोधी के रूप में कराई। शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे प्रथम दृष्टया मारपीट के कारण मौत होना प्रतीत हुआ। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक पक्ष और गांव के प्रधान मदन लोधी के बीच भूमि विक्रय व दाखिल-खारिज को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया गया कि सात मई को भी मृतक के भाई के साथ मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में आठ मई को चार नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार उसी मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी, लेकिन आरोपित घर छोड़कर फरार थे। अब फूल सिंह की मौत के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मुख्य आरोपित मदन लोधी व उसके सहयोगियों की तलाश में पुलिस की पांच टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। घटना के बाद सोशल मीडिया पर गोली मारकर हत्या किए जाने की चर्चा भी होती रही, लेकिन फिलहाल गोली लगने की पुष्टि से इनकार किया है। उनका कहना है कि घटनास्थल के निरीक्षण में गोली चलने के कोई स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिले हैं। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। उन्होने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। घटना के कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। 


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages