बांदा, के एस दुबे । जनपद के बबेरू कोतवाली अंतर्गत ग्राम मुरवल में दबंगों के हौसले बुलंद हैं। गुरुवार की रात मामूली विवाद को लेकर आधा दर्जन दबंगों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में प्रार्थी, उनके दो पुत्र और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित ने पुलिस पर ही अभद्रता करने और विपक्षीगणों का साथ देने का गंभीर आरोप लगाया है। ग्राम मुरवल निवासी बाबू पुत्र स्व. चुनुबाद ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 7 मई 2026 की रात करीब 11 बजे वह अपने दरवाजे पर थे। तभी गांव के ही दबंग लालमन और माजर पुत्रगण कलुआ वहां आए और शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग करने लगे। जब प्रार्थी ने पैसे देने से मना किया, तो दबंगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर जब
परिवार के लोग बचाने आए, तो आरोपी विनोद पुत्र लालमन और कलुआ पुत्र सुदैला कुल्हाड़ी व बरछी लेकर पहुंच गए। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से बाबू के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। पिता को बचाने आए पुत्र संजय और चन्दू पर भी बरछी से हमला किया गया, जिससे वे लहूलुहान हो गए। दबंगों ने बीच-बचाव करने आई प्रार्थी की पत्नी के साथ भी अभद्रता की।पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद 112 नंबर पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय उल्टा पीड़ित परिवार को ही डांटकर भगा दिया। रात 12बजे जब घायल अवस्था में पीड़ित बबेरू कोतवाली पहुंचे, तो वहां भी उन्हें दुत्कार कर भगा दिया गया। चोटें गंभीर होने के कारण बाबू मौके पर ही बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बांदा के लिए रेफर कर दिया है। पीड़ित परिवार ने अब पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


No comments:
Post a Comment