बीमारी के चलते स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का निधन - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Sunday, May 3, 2026

बीमारी के चलते स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का निधन

103 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस, जिले में शोक

फतेहपुर, मो शमशाद । जिले के एकमात्र जीवित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों में शामिल रहे विश्वनाथ खन्ना का 103 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिजनों समेत पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। स्वतंत्रता आंदोलन के इस अंतिम प्रहरी के जाने से जिले में एक युग का अंत माना जा रहा है। मलवां विकास खंड के कल्यानपुर गांव निवासी विश्वनाथ खन्ना ने देश की आजादी की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाई थी। स्वतंत्र भारत के निर्माण के साक्षी रहे खन्ना सरल स्वभाव, राष्ट्रभक्ति और अनुशासित जीवन के लिए क्षेत्र में सम्मानित थे। बढ़ती उम्र के बावजूद लोगों के बीच उनका विशेष सम्मान बना हुआ था। शनिवार की देर रात उनके निधन की खबर जैसे ही फैली, गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। शुभचिंतकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं व जनप्रतिनिधियों का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया। लोग नम आंखों से स्वतंत्रता

दिवंगत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विश्वनाथ खन्ना।

संग्राम सेनानी को श्रद्धासुमन अर्पित करते रहे। दिवंगत सेनानी के नाती एडवोकेट सत्यम खन्ना ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार रविवार को गांव के बाहर स्थित खेतों में किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भी राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि देने की तैयारी की जा रही है। विश्वनाथ खन्ना के निधन पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित जिले के तमाम जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों व बुद्धिजीवियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पूर्व ब्लाक प्रमुख जितेंद्र सिंह जीतू, प्रधानाचार्य रणविजय सिंह, समाजसेवी बिनोद विश्वकर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष उदयभान गुप्ता, समिति प्रवक्ता आलोक गौड़, शिवशंकर सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का निधन जिले के लिए अपूरणीय क्षति है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages