तिंदवारी /बांदा, के एस दुबे । नगर पंचायत तिंदवारी स्थित सब्जी मंडी और देसी शराब ठेके से महज 100 मीटर की दूरी पर शनिवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत तिंदवारी के सब्जी मंडी और देसी ठेके के पास के क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय नागरिकों द्वारा तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही तिंदवारी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया। हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद युवक को देखते ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की औपचारिकताएं शुरू कर दी हैं। मृतक युवक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आस-पास के लोगों और दुकानदारों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि युवक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह साफ हो पाएगी।


No comments:
Post a Comment