संयुक्त तत्वाधान में हुआ वृहद रोजगार मेले का आयोजन
बांदा, के एस दुबे । उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बांदा के संयुक्त तत्वाधान में शनिवार को संस्थान परिसर में एक भव्य मंडल स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में बांदा मंडल के चारों जनपदों बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर और महोबा के युवाओं ने भारी संख्या में हिस्सा लिया। रोजगार मेले की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि क्यूआर कोड के माध्यम से लगभग 7,000 छात्र-छात्राओं ने इसके लिए अग्रिम ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। मेले में देश की 43 प्रतिष्ठित निजी क्षेत्र की कंपनियों ने शिरकत की। परिसर में पहुंचे 2,700 से अधिक अभ्यर्थियों ने कंपनियों के प्रतिनिधियों के सामने कड़े साक्षात्कार दिए। युवाओं की योग्यता और इंटरव्यू के प्रदर्शन के आधार पर कंपनियों द्वारा मौके पर ही 1,264 छात्र-छात्राओं का चयन कर उन्हें ऑफर लेटर सौंप दिए गए।
इस रोजगार मेले की सबसे सुखद और प्रेरणादायी तस्वीर तब सामने आई जब दिव्यांग अभ्यर्थी महेन्द्र कुमार को उनकी योग्यता के बल पर बहुराष्ट्रीय कंपनी अमेज़न द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। नियुक्ति पत्र पाकर महेंद्र और अन्य युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। रोजगार मेले का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि श्रीमती मालती बासु अध्यक्ष, नगरपालिका परिषद बांदा द्वारा किया गया। उन्होंने मंच से युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए 50 से अधिक चयनित अभ्यर्थियों को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र वितरित किए।इस गरिमामयी समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में रजत सेठ (माननीय विधायक प्रतिनिधि बांदा), अमित पटेल संयुक्त निदेशक, प्रशि०/शिशिक्षु०, बांदा मंडल, नमन शुक्ला व सुश्री तुलिका मिश्रा उ०प्र० कौशल विकास मिशन लखनऊ, तथा विवेक सोनी प्रधानाचार्य, राजकीय आई०टी०आई० मोतियारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही मंडल के सभी जनपदों के नोडल प्रधानाचार्य और कर्मचारीगण ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम के समापन पर संयुक्त निदेशक प्रशिक्षण/शिक्षुता अमित पटेल ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि करियर की शुरुआत में जनपद से बाहर जाने का अवसर मिले, तो उसे चुनौती मानकर स्वीकार करें। बाहर रहकर काम करने से न केवल व्यावहारिक अनुभव मिलता है, बल्कि कार्य के प्रति लगाव और आपकी कार्य-गुणवत्ता में भी बड़ा सुधार आता है।यह मंडल स्तरीय रोजगार मेला बांदा और आसपास के जनपदों के तकनीकी और गैर-तकनीकी युवाओं के लिए एक बड़ा वरदान साबित हुआ है।


No comments:
Post a Comment