संपूर्ण समाधान दिवस: 216 शिकायतों में 26 का हुआ निस्तारण - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, June 6, 2026

संपूर्ण समाधान दिवस: 216 शिकायतों में 26 का हुआ निस्तारण

डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादें, शेष शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

फतेहपुर, मो शमशाद । आम जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील सदर सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई कर लोगों की शिकायतें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 216 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 26 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को राहत प्रदान की गई, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य केवल शिकायतें प्राप्त करना नहीं, बल्कि पीड़ितों को वास्तविक राहत दिलाना है।

संपूर्ण समाधान दिवस में पीड़ितों की फरियाद सुनतीं डीएम व साथ में एसपी। 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर पारदर्शी तरीके से कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों पर लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित न रहने पाए। संपूर्ण समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी सदर, मुख्य चिकित्साधिकारी, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी, नायब तहसीलदार, जिला विकास अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, खंड विकास अधिकारी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

------------------------------------------------------

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages