बेनकाब हुआ कथित खनन खेल, दो सिपाही सस्पेंड
फतेहपुर, मो शमशाद । मलवां थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन को कथित संरक्षण देने के आरोपों से जुड़ा एक वायरल ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। ऑडियो में कथित तौर पर पैसों के बंटवारे, हिस्सेदारी और 500 रुपये कम मिलने पर नाराजगी जताने की बातचीत सुनाई देने के बाद पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मलवां थाने में तैनात दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऑडियो में एक व्यक्ति कथित रूप से यह शिकायत करता सुनाई देता है कि पिछली बार उसे तय रकम से 500 रुपये कम मिले थे। बातचीत के दौरान ड्राइवरों और नाइट गार्ड तक को हिस्सा पहुंचाने की बात कही जाती है। साथ ही थाने के बजाय किसी अन्य स्थान पर मिलने और एक सिपाही से मुलाकात
![]() |
| मालवा थाना |
कराने का जिक्र भी सामने आता है। ऑडियो वायरल होने के बाद अवैध खनन और उसके कथित संरक्षण को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने जांच के आदेश दिए। प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया तथ्यों की पुष्टि होने पर मलवां थाने में तैनात सिपाही अभिषेक दुबे और देवेंद्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने स्पष्ट किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। यदि जांच के दौरान किसी अन्य पुलिसकर्मी या व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वायरल ऑडियो के बाद जिले में अवैध खनन पर लगाम लगाने के दावों और जमीनी हकीकत को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं। दो सिपाहियों के निलंबन के बाद अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।


No comments:
Post a Comment